Jabalpur Train Accident: मां मोबाइल देख रही थी, चलती ट्रेन से गायब हो गई बच्ची,जानें फिर क्या हुआ

Jabalpur Train Accident: मां मोबाइल देख रही थी, चलती ट्रेन से गायब हो गई बच्ची,जानें फिर क्या हुआ

जबलपुर। जबलपुर में पवन एक्सप्रेस में सफर कर रही डेढ़ साल की बच्ची अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। घटना कटनी और जबलपुर के बीच हुई। ट्रेन कटनी स्टेशन से निकलने के बाद करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। बच्ची इमरजेंसी खिड़की से करीब 8 फीट नीचे ट्रैक पर जा गिरी।

बच्ची के नीचे गिरने का पता चलते ही मां बदहवास हो गईं। यात्रियों ने तुरंत ट्रेन की चेन खींची और ट्रैक की ओर दौड़कर बच्ची को उठाया। बच्ची के सिर, पीठ और हाथ-पैर में चोट लगी थी। शरीर से खून निकल रहा था। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

मुजफ्फरपुर से मुंबई जा रही थीं मां-बेटी

रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय संजीदा खातून मुजफ्फरपुर की रहने वाली हैं। उनके पति मुंबई में नौकरी करते हैं। संजीदा अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ मुजफ्फरपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल, मुंबई जा रही थीं।

यात्रा के दौरान संजीदा लोअर बर्थ पर थीं। उन्होंने बच्ची को अपने पास साइड में लिटाया था और मोबाइल देख रही थीं।

इसी दौरान बच्ची उठकर इमरजेंसी खिड़की के पास पहुंच गई। वह खिड़की की रॉड पकड़कर खड़ी हो गई। तभी ट्रेन के झटके से उसका संतुलन बिगड़ा और वह खिड़की से बाहर गिर गई।

बच्ची अचानक गायब हुई तो मची अफरा-तफरी

संजीदा को जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो वह घबरा गईं। यात्रियों ने बच्ची के ट्रेन से बाहर गिरने की आशंका जताई। इसके बाद यात्रियों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई।

ट्रेन रुकते ही कुछ यात्री ट्रैक की ओर दौड़े और बच्ची को खोजकर उठा लिया। बच्ची के सिर, पीठ और हाथ-पैर में चोटें आई थीं।

यात्रियों ने खिड़की में गैप होने की बात कही

यात्रियों के मुताबिक इमरजेंसी खिड़की में सामान्य खिड़की की तुलना में कम रॉड लगी थीं। इससे खिड़की में गैप था। बच्ची रॉड पकड़कर खड़ी हुई और ट्रेन के झटके के साथ बाहर गिर गई।

करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ट्रेन से करीब 8 फीट नीचे गिरने के बाद भी बच्ची के मिलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।

जबलपुर में अस्पताल ले जाया गया

पवन एक्सप्रेस के जबलपुर पहुंचने के बाद आरपीएफ और कमर्शियल विभाग की टीम ने बच्ची को अटेंड किया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

संजीदा ने बताया कि जबलपुर में उनका कोई परिचित नहीं है। वह बच्ची का आगे का इलाज मुंबई में कराना चाहती थीं। इसके बाद रेल प्रबंधन ने मां और बच्ची को दूसरी ट्रेन से मुंबई रवाना किया।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि घटना कटनी स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के दौरान हुई थी। बच्ची के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *