Bilaspur DJ Dispute: DJ पर चल रहा था नाच गाना तभी तलवार-चाकू से हमला, एक की मौत, कई घायल, बिलासपुर में फिर हिंसा

Bilaspur DJ Dispute: DJ पर चल रहा था नाच गाना तभी तलवार-चाकू से हमला, एक की मौत, कई घायल, बिलासपुर में फिर हिंसा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में गणेश उत्सव के दौरान DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गतौरा के जनक पहरी इलाके में दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई।

इस हमले में मृतक के परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका सिम्स में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने 14 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच गतौरा के जनक पहरी इलाके में गणेश पंडाल में DJ बज रहा था। इसी दौरान DJ पर नाचने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

परिजनों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद था। रविवार रात हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार और चाकू समेत धारदार हथियारों से हमला किया। लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट के साथ पथराव किए जाने की बात भी सामने आई है।

इलाज के दौरान शैलेष राठौर की मौत

हमले में शैलेष कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना में शैलेष के पिता व्यास नारायण राठौर और बड़े भाई रवि कुमार राठौर के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बीच-बचाव करने पहुंचे विक्रम राठौर और विकास राठौर के भी घायल होने की बात कही जा रही है।घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का सिम्स में इलाज जारी है।

14 संदेही हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में 14 संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

परिजनों का कहना है कि हमले में करीब 13 से 15 लोग शामिल थे। हालांकि, घटना में वास्तव में कौन-कौन शामिल था और किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

मौके पर पहुंची एडिशनल एसपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह भी गतौरा पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पहले से चले आ रहे विवाद की इसमें क्या भूमिका थी और DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ तत्काल विवाद किस तरह हिंसक झड़प में बदल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *