BSP Iron Theft Case: BSP से 3 करोड़ के लोहा चोरी मामले में स्टील कंपनी के MD और डायरेक्टर गिरफ्तार, जानें कहां खपाया जाता था चोरी का माल, कैसे हो रही थी चोरी

दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के लोहा चोरी मामले में दुर्ग पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए रसमड़ा स्थित रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है।

इस सनसनीखेज मामले में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें पहले पकड़े गए BSP के जीएम और एजीएम जैसे बड़े अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्लांट से निकलने वाले कबाड़ को बेहद शातिर तरीके से फैक्ट्री तक पहुंचाया जाता था।

कैसे हुआ था मामले का खुलासा?

यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब 26 मई 2026 को पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ‘एके ट्रेडर्स’ और हथखोज के एक प्लॉट पर छापेमारी की थी।

पुलिस ने मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप, हाईवा, ट्रक, जेसीबी और हाईड्रा जैसी मशीनें जब्त की थीं। जब्त किए गए वाहनों और स्क्रैप की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई थी, जिसमें अकेले करीब 90 लाख रुपए का लौह स्क्रैप शामिल था।

कौन-कौन गिरफ्तार?

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पहले पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर रसमड़ा स्थित फैक्ट्री के संचालकों पर शिकंजा कसा है। विनोद कुमार गर्ग रायपुर के भाठागांव स्थित वालफोर्ट सिटी के रहने वाले हैं और रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर हैं।

जबकि संदीप कुमार सिंह (उम्र 39 वर्ष) दुर्ग के स्मृति नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और कंपनी में डायरेक्टर हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

फ्लाई ऐश की आड़ में चलता था अवैध खेल

पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि देश के इतने बड़े और सुरक्षित माने जाने वाले सार्वजनिक उपक्रम से लोहा चोरी का यह खेल कैसे चल रहा था। प्लांट परिसर में सीआईएसएफ (CISF) के जवान तैनात रहते हैं और चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।

जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी फ्लाई ऐश के नीचे लोहा छिपाकर प्लांट से बाहर निकालते थे ताकि किसी को शक न हो। पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि इस अंदरूनी नेटवर्क और खरीद-फरोख्त में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *