रायपुर। शाम ढलते ही रायपुर के तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) का नज़ारा कुछ ऐसा था कि देखने वाले पलभर के लिए ठहर जाएं। चारों तरफ दीपों की कतारें और पानी में हिलोरें लेती रोशनी। मौका था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 साल पूरे होने और उनके जन्मदिन का। ठीक शाम 7 बजे जब यहां 25 लाख दीये एक साथ जगमगा उठे, तो लगा मानो आसमान के तारे जमीन पर उतर आए हों।
सेवा संकल्प दिवस और ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा इस बार ‘सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मना रही है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव पर एक अनूठा आयोजन हुआ।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद मौजूद रहकर कार्यक्रम की शुरुआत की और पहला दीया जलाया। सिर्फ कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि आम नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं इस दीपयज्ञ में हाथ बंटाने पहुंचे।
हर दीये के साथ पीएम मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। जब हजारों हाथों ने मिलकर एक साथ दीप जलाए, तो तेलीबांधा का पूरा इलाका दीपावली से भी भव्य रूप में नजर आया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का उमड़ा जनसैलाब
इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि यह किसी राजनीतिक मंच तक सीमित नहीं रहा। परिवार के परिवार शाम की सैर के बहाने यहां पहुंचे और दीये जलाने के इस अनुष्ठान का हिस्सा बने।
स्कूली बच्चों के चेहरे पर गजब का उत्साह था, कोई दीयों की कतारें ठीक कर रहा था तो कोई तेल और बाती संभाल रहा था। सुरक्षा और व्यवस्था के बीच लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने कैमरे में कैद किया।